मल्टीप्वाइंट कनेक्शन का लक्ष्य पाने के लिए 21 तक की मोहलत
- विभाग ने करीब 80 प्रतिशत तक काम कर लिया पूरा, शेष काम तेजी से हो रहा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले की विभिन्न ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों में मल्टीप्वाइंट कनेक्शन लगाने की समय सीमा बढ़ाते हुए मुख्यालय से अब 21 मार्च तक की मोहलत मिल गई है। वैसे यह काम करीब 80 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है और शेष 20 प्रतिशत काम भी तेजी से किया जा रहा है। अभी तक मुख्यालय से इस परियोजना को पूरा करने के लिए 15 मार्च का समय दिया गया था।
दरअसल, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम जिले के दोनों डिवीजन क्षेत्र में 100 से अधिक ग्रुप सोसाइटियों को मल्टीप्वाइंट कनेक्शन से लैस करने की योजना पर काम कर रहा है। जिसमें अकेले डिवीजन एक क्षेत्र में करीब 60 के आसपास सोसाइटियां हैं। विद्युत वितरण निगम खंड एक के अधिशासी अधिकारी शिवम त्रिपाठी ने बताया कि बैठक में अधिकांश सोसाइटियों ने मल्टीप्वाइंट कनेक्शन के बजाए सिंगल प्वाइंट कनेक्शन पर ही बने रहने का निर्णय लिया है। 18 ग्रुप सोसाइटियों में तो मल्टीप्वाइंट कनेक्शन का काम पूरा भी हो चुका है। दो सोसाइटी में केबल बिछा दी गई है। इनके कुछ फ्लैटों में मीटर भी लगा दिए गए हैं। शेष कार्य को 21 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। मुख्य अभियंता राजीव मोहन ने बताया कि 21 मार्च को मल्टीप्वाइंट कनेक्शन काम की समीक्षा की जाएगी।