कैमराला चक्रसैनपुर गांव का मामला, जिला पंचायत राज अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस किया जारी
तीन दिन में दाखिल करना होगा जवाब, नहीं तो होगी विभागीय कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गांव कैमराला चक्रसैनपुर के ग्राम पंचायत सचिव को जिला पंचायत राज अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायत मिलने पर उनसे तीन दिन में साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी नेहा सिंह ने ग्राम पंचायत सचिव प्रियांक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि सूरजपुर न्यायालय परिसर के चैंबर नंबर-570 में कार्यरत अधिवक्ता श्याम सिंह भाटी ने 7 मई को मुख्य विकास अधिकारी, गौतमबुद्धनगर को एक शिकायत पत्र दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान, कैमराला चक्रसैनपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 2021 से 2026 तक ग्राम पंचायत में नल, रिबोर, लाइट मरम्मत और नल मरम्मत के नाम पर करीब 50 लाख रुपये की सरकारी धनराशि का अनियमित तरीके से भुगतान किया गया।
शिकायतकर्ता ने इसमें ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की मुख्य भूमिका होने का उल्लेख किया है। नोटिस में कहा गया है कि सरकारी पोर्टल ई-ग्राम स्वराज पर उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में नल रिबोर, लाइट मरम्मत और नल मरम्मत के कार्य दर्शाए गए हैं, जो प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत होते हैं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कैमराला चक्रसैनपुर में केवल आठ से दस सरकारी नल हैं। ऐसे में इन कार्यों पर इतनी बड़ी धनराशि खर्च किया जाना संदेहास्पद माना जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिए हैं कि वह तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।