नोएडा। जिला अस्पताल में जानवरों की सिरिंज मंगाने के आरोप में निलंबित कर्मचारी को डाटा एंट्री ऑपरेटर की जिम्मेदारी देने के मामले में जिलाधिकारी ने बृहस्पतिवार को सीएमओ और सीएमएस को तलब किया। सभी पक्षों का स्पष्टीकरण मिलने पर जिलाधिकारी ने अग्रिम कार्रवाई की बात भी कही है।
जिलाधिकारी मेधा रूपम का कहना है कि जानवरों की सिरिंज आर्डर करने का मामला काफी गंभीर है। इसकी प्रशासनिक अधिकारियों की समिति से जांच करवाई जा रही है लेकिन जांच के दौरान आरोपी कर्मचारी को दोबारा डाटा एंट्री ऑपरेटर की जिम्मेदारी देना बड़ी लापरवाही और गैर जिम्मेदारी है। इस प्रकरण में सीएमओ और सीएमएस को तलब किया गया है। शुक्रवार सुबह तक दोनों अधिकारियों का स्पष्टीकरण आने पर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो