फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रत्याशियों को सता रही ईवीएम की चिंता, खुद देंगे पहरा

विज्ञापन
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्घ नगर की तीनों विधानसभा सीट के प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम की चिंता सता रही है। वह स्वयं पहरा देने को तैयार हैं। इसके लिए तीन सीट पर मुख्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी से अनुमति मांगी है। हालंाकि प्रत्याशी केवल स्ट्रांग रूम परिसर के बाहर से ही नजर रख सकेंगे।
विज्ञापन

गौतमबुद्घ नगर की तीनों विधानसभा सीट पर 10 फरवरी को मतदान हुआ था। मतदान के बाद ईवीएम मशीनों को नोएडा के फेस दो स्थित फूल मंडी में बने स्ट्रांग रूम में रखा गया है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है। किसी को भी स्ट्रांग रूम तक जाने की अनुमति नहीं है। लेकिन उसके बाद भी प्रत्याशियों को ईवीएम की चिंता सता रही है।
तीनों विधानसभा में कई दलों के प्रत्याशियों ने अपने-अपने रिटर्निंग अफसर से अनुमति मांगी है। जेवर विधानसभा सीट के रिटर्निंग अफसर रजनीकांत मिश्रा ने बताया कि भाजपा के धीरेंद्र सिंह, रालोद के अवतार सिंह भड़ाना, बसपा के नरेंद्र भाटी, आप के संजय चेची और कांग्रेस के मनोज चौधरी ने ईवीएम पर नजर रखने की अनुमति के लिए आवेदन किया है। नोएडा विधानसभा के रिटर्निंग अफसर आलोक गुप्ता ने बताया कि अभी तक भाजपा के पंकज सिंह, सपा के सुनील चौधरी और बसपा के कृपाराम शर्मा ने आवेदन किया है। वहीं दादरी विधानसभा के रिटर्निंग अफसर अंकित कुमार ने बताया कि अभी केवल बसपा प्रत्याशी मनवीर भाटी ने आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि इन प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम के परिसर में जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल परिसर के बाहर से स्ट्रांग रूम पर नजर रख सकते हैं।
विज्ञापन

200 कर्मचारियों पर होगी मतगणना की जिम्मेदारी
ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन ने 10 मार्च को होने वाली मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। फेस -2 स्थित फूल मंडी में होने वाली मतगणना कराने की जिम्मेदारी करीब 200 कर्मचारियों पर होगी। एक टेबल पर चार कर्मचारी होंगे। तीनों विधानसभा सीट के लिए कुल 42 टेबल लगाई जाएंगी। हालांकि प्रशासन को उम्मीद है कि मतगणना से पहले नर्वाचन आयोग की नई गाइडलाइन जारी कर सकता है।
गौतमबुद्घ नगर की तीनों विधानसभा सीट नोएडा, दादरी और जेवर पर 10 फरवरी को मतदान हो चुका है। अब 10 मार्च को मतगणना होनी है। निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदान से पहले मतगणना की गाइडलाइन जारी की थी। तब कोविड काफी तेजी से फैल रहा था। जिला प्रशासन उस गाइडलाइन से तैयारी कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना में 14-14 टेबल लेंगी। हर टेबल पर चार कर्मचारी होंगे। इनमें एक माइक्रो ऑर्ब्जवर, एक सुपरवाइजर, दो सहायक कर्मचारी होंगे। इसके अलावा कुछ कर्मचारियों को रिजर्व रखा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक मतगणना के लिए 200 कर्मचारियों की जरूरत होगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश शर्मा ने बताया कि इस समय कोविड केस काफी कम है। ऐसे में आयोग मतगणना के संबंध में नई गाइडलाइन जारी कर सकता है। नई गाइडलाइन के आने का इंतजार हो रहा है। उसी के आधार पर तैयारी की जाएगी।
चुनाव के दौरान बरामद 99 लाख और फॉर्च्यूनर बेनामी संपत्ति घोषित
नोएडा। आदर्श आचार संहिता के दौरान स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) ने 18 जनवरी को नोएडा स्टेडियम के पास से फॉर्च्यूनर कार से 99 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। इस संपत्ति को आयकर विभाग ने बेनामी घोषित कर दिया है। आयकर विभाग की तरफ से पुलिस को जानकारी देते हुए थाने में सीज फॉर्च्यूनर को रिलीज नहीं करने की बात कही गई है। इस मामले में अब आयकर विभाग केस दर्ज करा सकता है।
आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए स्टैटिक सर्विलांस की टीमें बनाई गई थीं। टीम विधानसभा चुनाव में धन के दुरुपयोग पर नजर रख रही थी। 18 जनवरी की सुबह एसएसटी की टीम ने सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के पास फॉर्च्यूनर सवार दो लोगों को रोका और वाहन की चेकिंग की थी। चेकिंग में कार से
99,30,500 रुपये नकद मिले थे। पुलिस व एसएसटी की टीम सभी को कोतवाली सेक्टर-24 लेकर आ गई थी और आयकर विभाग को सूचना दी गई थी। आयकर विभाग व पुलिस की पूछताछ में पता चला था कि कार को वजीरपुर निवासी अखिलेश चला रहा था और कार में करोलबाग दिल्ली निवासी अरुण बैठा था। पूछताछ में पता चला कि यह पैसा दिल्ली के अशोक विहार के रहने वाले आयुष जैन का है। आयुष जैन गारमेंट कारोबारी हैं और उनकी कई फैक्ट्रियां हैं। जिस फॉर्च्यूनर कार से कैश मिला है वह कार निधि अग्रवाल के नाम पर है। निधि अग्रवाल के पति नितिन व आयुष जैन बिजनेस पार्टनर बताए जाते हैं। आयकर विभाग की जांच में अब इस धन के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई। अब आयकर विभाग ने रकम व कार को बेनामी संपत्ति घोषित कर दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें