एटा। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की फरवरी में प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सबसे पहले परीक्षा केंद्रों के लिए विद्यालयों में व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी।
परीक्षा के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है। इस बड़े आयोजन में तैयारियां व्यापक स्तर पर की जाती हैं। इंतजाम भी काफी होते हैं। परीक्षा केंद्रों के लिए विद्यालय चयन बड़ा काम है। इसके लिए अभी से कवायद शुरू कर दी गई है। जो विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे वहां बिजली, पानी, फर्नीचर, टॉयलेट सहित सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए सभी विद्यालयों को शिक्षा विभाग की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी ढंग से सभी जरूरी व्यवस्थाओं के साथ कराई जाएगी। सभी स्कूलों की जांच टीमें बनाकर कराई जाएगी। टीम मूलभूत और जरूरी सुविधाओं को देखकर नोट करेगी। जहां जो कमियां मिलेंगी, उन्हें समय रहते दूर कराया जाएगा।