रामपुर मथुरा (सीतापुर)। सरयू का उफान तो कम हुआ लेकिन जलस्तर घटने से कटान तेज हो गया है। सोमवार को बेकाबू लहरें सुंदरपुरवा में एक अशियाना काटकर बहा ले गईं। पांच घर डूबने की कगार पर हैं। करीब तीन बीघा कृषि योग्य भूमि कटकर सरयू में समा गई। इससे लोग सहमे हुए हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक गिरिजापुरी के तीनों बैराजों से सोमवार को 3.58 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
अंगरौरा में लगे मीटर गेज से लिए गए आंकड़ों के मुताबिक सरयू का जलस्तर सोमवार को 20 सेंटीमीटर घटकर 118.20 मीटर पर पहुंच गया। खतरे के निशान 119 मीटर से पानी अब 80 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर कम होते ही कटान में तेजी आने लगी है।
शुकुलपुरवा के प्रधान श्रीराम ने बताया कि सुंदरपुरवा निवासी रमेश काे कुछ वर्ष पूर्व मिला प्रधानमंत्री आवास कटान की भेंट चढ़ गया। नदी की लहरें अब ललतू के घर को निशाना बनाए हुए हैं। ललतू ने बताया कि यदि कटान इसी तरह होता रहा तो रात भर में घर कट जाएगा।
वहीं, लोधनपुरवा में संतराम मौजीलाल, बहादुर, बालक व कुंवारे के घर भी कटान के कगार पर हैं। इनके घरों से धारा महज पांच मीटर दूर है।
कटान से नारायण की डेढ़ बीघा, बिसंभर की ढाई बीघा जमीन कट गई है। किसान दिनेश ने बताया कि उदयभान, विक्रम आदि के धान की फसलों में भरा पानी निकल गया है, परंतु ज्यादा दिन तक पानी भरा रहने से फसल सड़ रही है।
सरयू का जलस्तर काफी कम हो गया है। बहाव भी नदी के तट के अंदर है। बाढ़ का पानी भी गांवों से निकल गया है। जिन लोगों की जमीन व घर कटे हैं या कट रहे हैं उसका सर्वे करवाया जा रहा है। कटान पीड़ितों को मुआवजा दिलाया जाएगा। - अनिल कुमार, तहसीलदार महमूदाबाद
शारदा का जलस्तर घटा...समस्याएं बरकरार
लहरपुर (सीतापुर)। शारदा नदी के जलस्तर में सोमवार को 10 सेमी की कमी आई है। गिरिजापुरी के मीटर गेज से लिए गए आंकड़ों के मुताबिक जलस्तर 135.40 मीटर पर है, जो खतरे के निशान 135.49 से नौ सेमी नीचे है। जलस्तर घटने से बाढ़ प्रभावित गांवों में भरा पानी भी निकल गया है। हालांकि, निचली जगहों पर पानी भरा है।
तेजवापुर के सूरज गौतम ने बताया कि रास्तों व घरों में कीचड़ से बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। वायरल फीवर, उल्टी आदि बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय तेजवापुर के प्रधानाध्यापक अनिल अवस्थी ने बताया कि विद्यालय में भरा पानी निकल गया है, केवल बाहर मैदान में कहीं-कहीं पानी भरा है। सोमवार को 221 बच्चों में मात्र 57 बच्चे ही आए थे।
बाढ़ पीड़ितों को बांटे 4200 लंच पैकेट
लहरपुर एसडीएम आकांक्षा गौतम ने बताया कि सोमवार को बाढ़ प्रभावित बसंतापुर, मुरब्बा, कोल्हूपुरवा, अहमदाबाद गंज, देवपारपुर, रमुवापुर, मझरी सुन्दर, मझरी पासिन एवं भदफर आदि गांवों में 4200 फूड पैकेट बांटे गए। प्रभावित परिवारों के बच्चों के लिए दूध, बिस्किट, केला आदि दिया गया। इसके अलावा ररतौली में 250 परिवार, चन्दवासोत में 600 परिवार एवं भदफर में 250 परिवारों को नायब तहसीलदार अशोक कुमार, दीनानाथ यादव ने राहत किट प्रदान की।
रामपुर मथुरा क्षेत्र के सुन्दरपुरवा गांव में कटान करती सरयू नदी।
रामपुर मथुरा क्षेत्र के सुन्दरपुरवा गांव में कटान करती सरयू नदी।