नोएडा (संवाद)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) नोएडा की ओर से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना और एम्प्लाइज एनरोलमेंट स्कीम (ईईएस)-2025 के प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। सेक्टर-24 स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में मैन्युफैक्चरिंग और फार्मा सेक्टर के 22 प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सेमिनार का संचालन क्षेत्रीय आयुक्त-द्वितीय प्रवीण कुमार और सहायक आयुक्त रविंद्र कुमार ने किया। अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से दोनों योजनाओं की पात्रता, लाभ, प्रावधान और पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। ईपीएफओ नोएडा की ओर से वेबिनार का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सेक्टरों के कई प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन जुड़कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।