सीतापुर। सपा नेता आजम खां के 23 महीने बाद जेल से रिहा होने की खुशी परिवार के साथ-साथ उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में साफ दिखाई दी। समर्थकों ने कहा कि उनके लिए आज ही ईद और दीवाली है। आजम खां के रामपुर पहुंचने पर घरों में दीये जलाकर आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया जाएगा।
रामपुर जिले से सैंकड़ों की संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता सोमवार रात ही जिले में आ गए थे। मंगलवार सुबह आजम के बेटे अदीब के साथ जिला कारागार पहुंच गए। कारागार के बाहर मौजूद समर्थकों की भीड़ को देखकर पुलिस भी चौकन्नी हो गई। एएसपी उत्तरी आलोक सिंह और सीओ सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर समर्थकों को खदेड़ा। इसके बाद सीओ विनायक गोपाल भोंसले ने लाठी फटकार कर सभी को जिला कारागार से दूर से जाने के लिए कहा।
पूर्व विधायक बोले- आजम खां के साथ न्याय हुआ
रामपुर से आए पूर्व विधायक विजय सिंह ने कहा कि आजम खां के साथ न्याय हुआ। बताया कि प्रदेश भर के समर्थक यहां हैं, बस प्रशासन की वजह से सभी दिख नहीं रहे हैं। तब भी काफी भीड़ है। रामपुर के अजय सिंघल ने बताया कि आजम खां रामपुर जिले की धड़कन हैं, इसलिए उनकी रिहाई पर आज पूरा रामपुर खुश है। संतोष चौधरी ने कहा कि पूरे देश के लिए आज ही ईद और दीपावली है।
अतीक का हमशक्ल दिखने से मची हलचल
जिला कारागार के बाहर उस वक्त हलचल तेज हो गई जब माफिया अतीक अहमद जैसे दिखने वाले एक शख्स को लोगों ने देखा। रामपुर जिले की मिलक तहसील के रहने वाले नन्हें कादरी ने बताया कि आजम खां से मिलने के लिए वह सोमवार रात ही आ गए थे। कपड़े और अतीक से शक्ल मिलने पर उन्होंने बताया कि एक शक्ल को दो लोग भी हो सकते हैं, लेकिन मैं अतीक जैसा बिल्कुल नहीं हूं।