संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। एमिटी विश्वविद्यालय में आयोजित इंटर एमिटी इंस्टीट्यूशन खेल प्रतियोगिता संगठन-2026 के तहत सोमवार को वॉलीबाल और शतरंज के फाइनल मुकाबले हुए। वॉलीबाल के पुरुष और महिला दोनों वर्गों में एमिटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की टीम ने खिताब जीता। शतरंज के पुरुष वर्ग में भी इंजीनियरिंग टीम विजेता रही।
वॉलीबाल पुरुष वर्ग के फाइनल में इंजीनियरिंग टीम ने आरआईसीएस को 25-10 और 25-21 से हराकर 2-0 से खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में इंजीनियरिंग टीम का मुकाबला एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ रिहेबिलिटेशन साइंसेज से हुआ। रिहेबिलिटेशन टीम ने पहला सेट 25-19 से जीता। इसके बाद इंजीनियरिंग टीम ने 26-24 से दूसरा और 15-12 से निर्णायक सेट जीतकर मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया।
शतरंज पुरुष वर्ग के फाइनल में इंजीनियरिंग टीम ने एमिटी लॉ स्कूल को 3-1 से शिकस्त दी। महिला वर्ग में एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी और एमिटी लॉ स्कूल नोएडा के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें लॉ स्कूल की टीम विजेता रही।