राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान चलाया जा रहा अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार की देर रात ताबड़तोड कार्रवाई की। एआरटीओ प्रवर्तन व प्रशासन नंद कुमार ने बताया कि व्यापक अभियान में 18 बसों के चालान कर 13 को जब्त किया गया। यह बसें अधूरे दस्तावेजों और नियमों के विरुद्ध चल रहीं थीं।
कार्रवाई मुख्य रूप से अनधिकृत बस, ओवरलोडिंग, फिटनेस सर्टिफिकेट की कमी और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर केंद्रित रही। एआरटीओ नंद कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान 31 जनवरी तक जारी रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश भर में फोर-ई माॅडल (एजुकेशन, प्रवर्तन, इंजीनियरिंग, इमरजेंसी केयर) के तहत यह माह मनाया जा रहा है। गौतमबुद्ध नगर परिवहन विभाग की टीम इसमें सक्रिय भूमिका निभा रही है।