ग्रेटर नोएडा/जेवर। यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर शनिवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से जेपी कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई। इसके बाद परिवार व गांव के दर्जनों लोगों ने रविवार को टोल प्लाजा पर शव रख धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। बाद में अधिकारियों द्वारा आश्वासन मिलने पर ग्रामीण शांत हुए और धरना प्रदर्शन समाप्त किया।
रबूपुरा के गांव भाईपुर ब्रह्म्नान निवासी बालकिशन उर्फ बल्लू (38) जेपी कंपनी में माली का काम करते थे। वे शनिवार को ड्यूटी के तहत यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट के पास काम कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालकिशन को परिजन ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद रविवार को शव गांव पहुंचा। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण शव के साथ यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर जेवर टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम, एसीपी, कोतवाली प्रभारी, टोल इंचार्ज आदि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मांग पूरी करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। एसडीएम रजनीकांत ने बताया कि मृतक के परिवार को कंपनी की तरफ से सड़क दुर्घटना बीमा के 10 लाख, कृषक दुर्घटना बीमा के 5 लाख, 30 हजार रुपये राष्ट्रीय परिवारिक योजना के तहत, मृतक के तीनों बच्चों के नाम 50-50 हजार रुपये फिक्स डिपॉजिट, विधवा पेंशन आदि दिलाकर आर्थिक मदद की जाएगी।