मुख्य अभियंता ने प्रस्ताव बनाकर मेरठ मुख्यालय को भेजा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दशकों पुरानी जर्जर लाइन, उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ोतरी समेत अन्य विकास कार्यों के लिए विद्युत निगम के नोएडा जोन को 96 करोड़ रुपये की जरूरत है। इसके लिए मुख्य अभियंता ने मेरठ मुख्यालय को प्रस्ताव बनाकर भेजा है। इस प्रस्ताव को नोएडा जाेन ने भविष्य की परियोजनाओं में शामिल करते हुए 2024-25 के लिए मांगा है।
दरअसल, पिछले दो-तीन सालों से नोएडा जोन को स्काडा सिस्टम से लैस करने की योजना पर बातचीत चल रही है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में स्काडा सिस्टम के लिए जरूरतों और तैयारियों का मॉडल तैयार कर प्रस्तुतीकरण भी दिया जा चुका है। इसके बाद नोएडा जाेन में विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं से करीब 257 करोड़ रुपये के बजट से यहां पर विद्युत लाइनों के मरम्मत और उपकेंद्रों के क्षमता बढ़ोतरी का काम कराया जा रहा है। मुख्य अभियंता हरीश बंसल का कहना है कि नोएडा जोन में 96 करोड़ रुपये के बजट से अंडरग्राउंड केबल डालने का काम, नया उपकेंद्र स्थापित करना, ओवरहेड बिजली लाइनों को बदलना, पुराने बिजली के पोलों को बदलना, नए फीडर स्थापित व पुराने फीडरों के मरम्मत कार्य शामिल हैं।