-15 सितंबर से एक महीने तक चलेगा अभियान, मिलेगी निर्बाध बिजली
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में अब त्योहारी सीजन आने वाला है। जहां नवरात्रि से लेकर दीवाली, दशहरा जैसे प्रमुख त्योहार नजदीक आ चुके हैं। ऐसे में अब शहरवासियों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए मेंटनेंस मंथ की शुरूआत होगी। इसके लिए करीब 150 करोड़ रुपये का बजट विभाग को मिला है।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के नोएडा क्षेत्र के मुख्य अभियंता के अनुसार 15 सितंबर से मेंटनेंस अभियान चलाया जाएगा। यह कुल एक महीने यानी 15 अक्तूबर तक चलेगा। करीब 150 करोड़ रूपए की लागत से जिले के पुराने बिजली के तारों हो हटाकर नए तार डाले जाएंगे। इसके अलावा बिजली घरों का भी मेंटेनेंस कराया जाएगा। वहीं जिन स्थानों पर सबसे ज्यादा बिजली आपूर्ति होती है, ऐसे सार्वजनिक स्थलों पर हर एक बिजली तारों, खंभों के चेक किया जाएगा, ताकि समय रहते उनमें सुधार किया जा सके। साथ ही अर्थिंग, बॉक्स, वीसीबी और सीटीपीटी समेत अन्य उपकरणों को भी उचित मानते हुए बदला जाएगा। यह पूरी योजना लखनऊ के अधिकारियों संग हुई बैठक के दौरान हुई। मुख्य अभियंता के अनुसार इस दौरान सभी उपकेंद्रो की टीमों को सक्रिय किया जाएगा, जो 15 सितंबर से रोजाना अपने अपने उपकेंद्र में आने वाले इलाकों का निरीक्षण करेंगें।
-
अंडरग्राउंड फॉल्ट की आती हैं सबसे ज्यादा शिकायतें
अक्सर देखा गया है कि सबसे ज्यादा शिकायतें उन स्थानों से आती हैं जहां बिजली के तार अंडरग्राउंड (भूमिगत) हैं। जबकि खंभों से खिंचे तारों में तुरंत फॉल्ट मिल जाने से समय रहते समस्या का समाधान हो जाता है, लेकिन भूमिगत में फॉल्ट जल्दी नही पता चल पाता है। खास तौर पर समस्या तब और बढ़ जाती है जब लगातार बारिश का दौर हो और जमीन की खुदाई कर तारों का चेक करना हो तब जमीन की खोदाई भी कठिन हो जाती है।
अगले तीन वर्षों में खर्च होंगे 1313 करोड़ रुपए
विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार शहर के बिजली ढांचे में सुधारने के लिए अगले तीन सालों में कुल 1313 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसकी ऑनलाइन निगरानी भी की जाएगी। इसके लिए अभी से कार्य शुरू कर दिया गया है।
-
वर्जन
15 सितंबर से मेंटेनेंस अभियान चलाकर हर क्षेत्र का निरीक्षण किया जाएगा, आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए उन पर कार्य किया जाएगा, ताकि निर्बाध बिजली मिल सके।
-संजय कुमार जैन, मुख्य अभियंता, पीवीवीएनएल, गौतमबुद्ध नगर