ई-वाहनों से बदलेगा ऑटो बाजार, प्रदूषण कम पर बढ़ेगी रफ्तार
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बुधवार से शुरू हुए ऑटो एक्सपो-2020 में विश्वभर की ऑटोमोबाइल कंपनियों ने इलेक्ट्रिक वाहनों की श्रेणी में कार, ट्रेवलर और बसों का प्रदर्शन किया। इनमें सेडॉन, हैचबैक, एसयूवी और प्रीमियम वर्ग में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। प्रदर्शनी के पहले दिन 20 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन प्रदर्शित किए गए। ऑटो एक्सपो के 15वें संस्करण में भारत समेत विश्वभर के ऑटो बाजार में ई-वाहनों से भविष्य में होने वाले बदलाव झलक दिखाई दी। कंपनियों का दावा है कि ई-वाहनों से जहां रफ्तार बढ़ेगी। वहीं, लगातार बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद भी मिलेगी।
किआ ने पेश की ‘कार्निवाल’
ऑटो मोबाइल कंपनी किआ ने अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी ‘कार्निवाल’ को प्रदर्शनी में पेश किया। इसके अलावा फॉक्सवैगन ने अपनी ग्लोबल इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट कार का प्रदर्शन किया। दोनों कंपनियों के पवेलियन पर लोगों ने पहुंचकर गाड़ियों के बारे में जानकारी हासिल की।
सुजुकी ने लांच की इलेक्ट्रिक बाइक एई-47
ऑटो एक्सपो में सुजुकी कंपनी ने अपनी इलेक्ट्रिक बाइक एई-47 लांच की है। यह एक बार चार्ज होने के बाद 160 किमी तक जा सकती है।
जेबीएम ने दो इलेक्ट्रिक बसों को किया पेश
कंपनी ने ई-9 और ई-12 को लांच किया। दोनों इलेक्ट्रिक बसें हैं। कंपनी के चेयरमैन एसके आर्य ने बताया कि बसो में काफी नए फीचर जोड़े गए हैं। इसमें बड़ी खिड़की, सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम, जीपीएस, इलेक्ट्रो न्यूमेटिक कंट्रोल प्रवेश द्वार की सुविधा दी गई है।
ग्रेट वॉल मोटर्स ने किया इलेक्ट्रिक सेडॉन का प्रदर्शन
चीन की कंपनी ग्रेट वॉल मोटर्स ने अपनी कांसेप्ट सेडॉन कार हॉवल का प्रदर्शन किया। यह इलेक्ट्रिक कार करीब एक बार चार्ज होने के बाद 320 किमी तक जा सकती है।