पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र के गांव धतीर में शनिवार को सड़क हादसे में निजी स्कूल बस की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव धतीर निवासी नारायण के रूप में हुई है।
मृतक के पुत्र कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता नारायण शनिवार को किसी आवश्यक कार्य से खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्रीन फील्ड स्कूल की बस का चालक बस को बैक कर रहा था। बस की टक्कर लगने से नारायण सड़क पर गिर पड़े और बस का पिछला पहिया उनकी पीठ के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें फरीदाबाद के निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि बस चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। संवाद