-जनवरी से अब तक जिले में डेंगू के 41 मरीज मिल चुके
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मानसून के बीच डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में डेंगू के लिए मलेरिया विभाग ने आठ हॉट स्पॉट निर्धारित किए हैं, जहां पर डेंगू के मरीज मिले हैं। इन स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी से अब तक जिले में डेंगू के 41 मरीज मिल चुके हैं।
मलेरिया विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बार दो नए हॉट स्पॉट शामिल किए गए हैं। शहर में सेक्टर-51, कासना डाढा, सेक्टर-107, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दो स्थान, बरौला, सेक्टर-22 और सेक्टर-12 को हॉट स्पॉट बनाया गया है। सेक्टर-51 पहली बार हॉट स्पॉट के रूप में शामिल हुआ है। भविष्य में अन्य स्थानों पर डेंगू के अधिक मरीज मिलने की स्थिति में हॉट स्पॉट में बदलाव भी किया जा सकता है। वहीं, नए हॉट स्पॉट में मरीज नहीं मिलने की स्थिति में स्थान हटाए भी जा सकते हैं। इन स्थानों पर मलेरिया विभाग ने एंटी लार्वा दवाओं के छिड़काव के साथ ही जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि नोएडा के सभी आरडब्ल्यूए और सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ ऑनलाइन बैठक हुई है। जिन स्थानों पर जलभराव है वहां नोटिस भी दिए गए हैं। वहीं जिले में मलेरिया के 30 से अधिक मरीज मिले हैं।