- ग्रेटर नोएडा डिपो परिसर में सिटी ई-बसों को चार्ज करने के लिए लगी हैं कुल 10 मशीनें
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा डिपो में सिटी ई-बसों को चार्ज करने के लिए बने स्टेशन पर सुविधाएं नाकाफी साबित हो रही हैं। स्टेशन की दो चार्जिंग मशीनें खराब होने से बसों को चार्जिंग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। दोपहर के समय एक साथ 15 से 20 बसें पहुंचने पर चालकों को अपनी बारी के लिए एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। वहीं, चार्जिंग में चार से पांच घंटे लगने से बसें लंबे समय तक खड़ी रहती हैं। इसका असर बसों के संचालन पर भी पड़ रहा है। चालकों ने चार्जिंग प्वाइंट बढ़ाने की मांग की है।
ग्रेटर नोएडा डिपो परिसर में सिटी ई-बसों को चार्ज करने के लिए कुल 10 मशीनें लगाई गई हैं। यहां प्रतिदिन करीब 40 से 50 बसें चार्जिंग के लिए पहुंचती हैं। दो मशीनें खराब होने के कारण उपलब्ध चार्जिंग प्वाइंट की संख्या घट गई है। दोपहर के समय बसों की संख्या बढ़ने से स्टेशन पर दबाव अधिक हो जाता है। ऐसे में बसों की कतार लग जाती है और चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने की योजना अटकी :
ग्रेनो प्राधिकरण ने कासना स्थित डिपो के अलावा पथिक स्टेडियम, सिटी पार्क और ग्रेनो वेस्ट में बस कॉरिडोर पर चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना तैयार की थी। एसीईओ प्रेरणा सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक अर्बन सर्विस सनी यादव की ओर से जल्द चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के दावे भी किए गए थे, लेकिन अभी तक योजना पर अमल नहीं हो सका है। इससे बसों को चार्जिंग के लिए डिपो पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है। बसों के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
सिटी ई-बस डिपो नोएडा के एआरएम राजेश वर्मा ने कहा कि सिटी ई-बसों के चार्जिंग प्वाइंट बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। चार्जिंग प्वाइंट की संख्या बढ़ने के बाद बसों को चार्ज करने में आ रही दिक्कत दूर हो जाएगी।