-विशेषज्ञ अभिभावक व छात्रों को देंगे संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी
-3 दिन चलने वाले कार्यक्रम में किया जाएगा शंकाओं का समाधान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के स्नातकोत्तर में दाखिला प्रक्रिया को लेकर सोमवार आज से वेबिनार श्रृंखला शुरू होगी। इसमें पीजी प्रोग्राम के लिए पोर्टल पर पंजीकरण के लिए उम्मीदवारों को कॉलेज व विभाग के चयन की जानकारी दी जाएगी। यह वेबिनार छात्रों के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए आयोजित होगा। छात्रों के लिए आयोजित होने वाली वेबिनार श्रृंखला तीन दिन तक चलेगी। इसमें छात्रों की प्रवेश व आवेदन समेत अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों की कठिनाइयों को कम करने व प्रश्नों के साथ मदद करने के लिए वेबिनार आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसमें छात्रों के सामने आ रही परेशानी का हल भी बताया जाएगा। पंजीकरण प्रक्रिया, आवेदन प्रक्रिया व फॉर्म को भरने और जमा करने से जुड़े सवालों की जानकारी दी जाएगी। इसे लेकर विश्वविद्यालय ने तैयारी कर ली है। इसमें शिक्षकों के साथ विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। इस वेबिनार में बड़ी संख्या में छात्रों के जुड़ने की संभावना है। वेबिनार में कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम फॉर्म भरने, सही प्रमाण पत्र या दस्तावेज अपलोड करने, आरक्षण नीतियों और अन्य महत्वपूर्ण बातों से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे, जिन्हें उम्मीदवारों को एक कार्यक्रम और एक कॉलेज का चयन करने से पहले ध्यान में रखना चाहिए।
पीजी प्रोग्रामों के लिए पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 25 मई है। बीते साल की तरह सीट का आंवटन कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के माध्यम से किया जाएगा। बता दें पीजी में दाखिला प्रक्रिया शुरु हो गई है। इस बार शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 82 स्नातकोत्तर कोर्सेज (पीजी) की 13500 सीटों पर दाखिले होंगे। जो भी इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार पीजी कोर्स के लिए दाखिला लेना चाहते हैं, तो वे आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
-
यूट्यूब चैनल से जुड़ सकते हैं छात्र
प्रवेश शाखा से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसमें छात्र विश्वविद्यालय के यूट्यूब चैनल से जुड़ सकते हैं। यह वेबिनार द्विभाषीय मोड पर आयोजित होगा। दाखिला प्रक्रिया के दौरान आवेदकों को सहायता प्रदान करने के लिए हेल्प डेस्क सुविधाएं स्थापित की हैं। आवेदकों की मदद करने के लिए सभी प्रकार की जानकारी की व्यवस्था की है। डीयू सोशल वर्क पाठ्यक्रम में पीजी में दाखिला लेने वाली उम्मीदवार नेहा मिश्रा ने बताया कि उन्हें दाखिले को लेकर काफी कुछ दिक्कतें हैं। जिसमें अहम सवाल फीस से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि दाखिला को लेकर वेबिनार होना बहुत मददगार होगा।