सबसे ज्यादा भीड़ वाले स्थानों पर मिलेंगी, प्रदूषण होगा कम
-
125 बसें मिलेंगी शहर को
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। राजधानी के साथ-साथ अब नोएडा के लोगों को भी जल्द ई-बसों में सफर करने का अनुभव मिलेगा। डीटीसी के नोएडा सेंटर को ई-बसें मिलने का रास्ता साफ हो गया है। दिल्ली सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। पहले चरण में 125 ई-बसें नोएडा सेंटर को मिलेंगी। कुछ ही माह में ये बसें नोएडा की सड़कों पर दौड़ेंगी जिससे सैकड़ों लोगों को फायदा होगा।
सेक्टर-16ए स्थित डीटीसी सेंटर के अधिकारियों के मुताबिक, यह पहल शहर के सार्वजनिक परिवहन को अधिक आधुनिक बनाने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बड़ी समस्या है। खासतौर पर यह समस्या सर्दियों के दौरान और भी गंभीर हो जाती है। इससे निपटने के लिए तेजी से डीजल-पेट्रोल या सीएनजी बसों की जगह ई-बसों को बढ़ावा देने पर काम किया जा रहा है। इन बसों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये पूरी तरह से शोर रहित व एसी हैं। इन बसों से प्रदूषण भी नहीं होगा। यात्रियों को साफ-सुथरा, आरामदायक और प्रदूषण रहित सफर का अनुभव मिलेगा।डीटीसी बसें दिल्ली सरकार की ओर से संचालित की जाती हैं। इसका एक सेंटर सेक्टर-16ए में स्थित है। यहां से डीटीसी की बसों का संचालन नोएडा से दिल्ली और गुरुग्राम तक होता है।
मेट्रो व बस सेवा के बीच होगा बेहतर तालमेल
अभी तक नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में डीटीसी की सीएनजी बसें ही चलती हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कुछ रूटों पर दिल्ली से संचालित होने वाली डीटीसी बसों को नोएडा के कुछ इलाकों से गुजारा जाता है लेकिन अकेले नोएडा को अब ई-बसों से युक्त करने की तैयारी जोरों पर है। इन बसों के लिए ऐसे स्थानों को चुना जाएगा जहां सबसे ज्यादा भीड़ जुटती है। इससे मेट्रो और बस सेवा के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और यात्रियों को अंतिम पड़ाव तक पहुंचने में आसानी होगी।