बिलासपुर। दलेलगढ़ गांव में मासूम दिव्यांश की मौत के बाद मंगलवार को जिला प्रशासन की नींद टूटी। जिला प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीमों ने कृत्रिम तालाब जैसे बने गड्ढे और आसपास के क्षेत्र का दौरा किया। टीमों ने तालाब के चारों ओर फेंसिंग लगाने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। वहीं, टीमें आसपास इस तरह के बने हादसों के हॉट स्पॉट को चिह्नित भी कर रही हैं।
गांव में 14 फरवरी को तीन साल के मासूम दिव्यांश की खेत में बने गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने प्राधिकरण और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया था। ग्रामीणों ने बताया था कि हादसे की आशंका को देखते हुए कई बार प्राधिकरण के सामने तारबंदी करके गड्ढे को बंद करने की मांग की गई थी लेकिन सुनवाई नहीं की गई। वहीं, घटना के बाद एसडीएम आशुतोष गुप्ता भी मौके पर पहुंचे थे और उच्च अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट दी थी। अब डीएम ने तत्काल गड्ढे को बंद करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की ओर से गांव में काम शुरू कर दिया है लेकिन ग्रामीणों में घटना को लेकर लगातार आक्रोश है। संवाद