- बैंक का प्रतिनिधि बनकर किया फोन, क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर भेजा फर्जी लिंक, तीन बार में निकाली रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमॉस सोसाइटी में रहने वाली युवती से केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर 3.04 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है। आरोपी ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताकर युवती को फोन किया और फर्जी लिंक भेजकर तीन बार में क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से मुजफ्फरनगर निवासी पीड़िता सिमरन ग्रोवर वर्तमान में सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमास सोसाइटी में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन भुगतान नहीं हो रहा था। जिसकी शिकायत उन्होंने एक्सिस बैंक के मोबाइल एप पर दर्ज कराई थी। इसके बाद उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले को बैंक में दर्ज शिकायत और क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी मांगी थी। उसने भरोसा दिलाने के लिए बैंक कर्मचारी का पहचान पत्र भी भेजा और केवाईसी लंबित होने की बात कहकर बैंक की वेबसाइट जैसा दिखने वाला लिंक साझा किया। पीड़िता ने लिंक पर क्लिक कर प्रक्रिया पूरी की तो 21 और 24 अक्टूबर के बीच उनके क्रेडिट कार्ड से तीन अनधिकृत लेनदेन किए गए। इसमें 21 अक्टूबर को पहली बार 1.80 लाख और दूसरी बार 88,251 रुपये, जबकि 24 अक्टूबर को 35,203 रुपये निकाले गए। इस तरह कुल 3,04,293 रुपये की ठगी हुई। पीड़िता ने इसकी शिकायत 29 अक्टूबर को साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई थी। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि एक्सप्रेस वे थाना पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर लेनदेन और फर्जी लिंक की जांच शुरू कर दी है।