- शादी पार्टियों से बची बीयर की कालाबाजारी में तीन गिरफ्तार, 504 कैन बीयर बरामद
- पिकअप में लादकर लाते थे बची हुई बीयर, जान-पहचान वालों को सस्ते में करके बेचते थे सप्लाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बीयर की कालाबाजारी के मामले में शनिवार को आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी के पास तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 21 पेटी किब्बा 4 ब्रांड की बीयर (कुल 504 कैन) और एक महिंद्रा पिकअप बरामद की है। आरोपी शादी समारोह और इवेंट में बची हुई बीयर को चुपके से पिकअप में लादकर अपने ठिकानों पर ले आते थे। फिर इसे अवैध तरीके से सस्ते दामों में बेचते थे।
कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि आरोपियों की पहचान विशेष मलिक निवासी शामली (32), विनायक (23) निवासी भरतपुर राजस्थान व पिकअप के चालक मोहम्मद असरार अली (30) निवासी अयोध्या के रूप में हुई है। आरोपी विशेष मलिक वर्तमान में आम्रपाली गोल्फ होम्स गौड़ सिटी-2 में रहता है। वहीं मोहम्मद असरार ओखला फेज-2 दक्षिण दिल्ली में रहता है। आरोपी विशेष मलिक, विनायक और चालक असरार अली इवेंट मैनेजमेंट और शादी समारोहों में काम करते थे।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह जिन विवाह समारोहों में काम करते थे। वहां बची हुई बीयर को चुपके से पिकअप में लादकर अपने ठिकानों पर ले आते थे। बाद में यह बीयर वह अपने परिचितों को सस्ते दामों में बेच देते थे। जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा हो जाता था। आरोपियों के पास से जो बियर बरामद हुई थी वह उसे दिल्ली में आयोजित इवेंट से बचने पर ग्रेटर नोएडा लाए थे। आरोपियों द्वारा बियर को अवैध परिवहन में प्रयुक्त किया जा रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी कितने समय से इस तरह की अवैध बिक्री में शामिल थे और उनका नेटवर्क कितना बड़ा है। दिल्ली प्रांत की बीयर को बिना लाइसेंस के परिवहन व बिक्री करना आबकारी नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
निवासियों ने दी थी पुलिस को सूचना : आम्रपाली गोल्फ होम्स में बियर की अवैध कालाबजारी का भंडाफोड़ निवासियों की सतर्कता से हुआ है। निवासियों ने टॉवर डी 2 में रहने वाले एक किराएदार के फ्लैट से बियर की अवैध कालाबजारी की भारी खेप के संबंध में पुलिस को सूचना दी थी। सोसायटी की सुरक्षा टीम ने जांच के दौरान बियर की अवैध कालाबजारी पकड़ी थी। निवासियों ने जब आरोपियों से बियर के संबंध में पूछा था तो वह सही जवाब नहीं दे पाए थे। इसके बाद निवासियों ने जमकर हंगामा किया था। सोसाइटी में हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंची थी।