पिकअप में मिले 24 गैस सिलेंडर, कई में वजन कम मिला
नोएडा। सोरखा बाजार में शराब के ठेके के पास खड़ी पिकअप से पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने 24 कमर्शियल गैस सलिंडर बरामद किए हैं। सिलिंडर अलग-अलग गैस कंपनियों के हैं। जांच के दौरान कई सिलिंडरों में निर्धारित मात्रा से 200 से 600 ग्राम तक कम, जबकि कुछ में 100 से 600 ग्राम तक अधिक गैस मिली।
मामले में आपूर्ति इंस्पेक्टर रजनी की शिकायत पर सेक्टर-113 थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर की शाम करीब चार बजे मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति ने थानाध्यक्ष को सूचना दी थी कि सोरखा बाजार में शराब के ठेके के पास एक पिकअप में बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलिंडर रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में लेकर जांच की। वाहन में 24 कमर्शियल सिलेंडर मिले। इसके बाद 28 सितंबर की सुबह पुलिस की मौजूदगी में खाद्य विभाग की टीम ने सभी सिलेंडरों की जांच और वजन कराया। जांच में एचपी, इंडेन और भारत गैस कंपनियों के सिलेंडर मिले। अलग-अलग सिलेंडरों में गैस की मात्रा निर्धारित वजन से कम और अधिक पाई गई। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।