फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर 9.15 लाख की ठगी

विज्ञापन
विज्ञापन
टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर 9.15 लाख की ठगी
विज्ञापन

- खाते से 5.25 लाख के फर्जी यूपीआई ट्रांजेक्शन
- साइबर अपराध थाने में दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी, निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देकर रकम कराई ट्रांसफर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। टेलीग्राम और यूपीआई के जरिये साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जालसाजों ने ग्रेटर नोएडा के एक शख्स को टेलीग्राम पर निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर 9.15 लाख रुपये ठग लिए गए। वहीं, सेक्टर-108 निवासी 83 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से थर्ड पार्टी ट्रांसफर की तय सीमा समाप्त होने के बावजूद 5.25 लाख रुपये से अधिक के चार संदिग्ध यूपीआई ट्रांजेक्शन कर दिए गए। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्रेटर नोएडा के एल्डेको मिस्टिक ग्रीन, ओमिक्रोन निवासी अभिषेक ठाकुर ने पुलिस से शिकायत की है कि मई 2025 में टेलीग्राम एप के माध्यम से कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग समय पर रकम ट्रांसफर कर दी। शिकायत के मुताबिक 10 से 12 मई 2025 के बीच कुल 9.15 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में भेजे गए। शुरुआत में आरोपी लगातार संपर्क में रहे, लेकिन रकम मिलने के बाद उन्होंने संपर्क करना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन

दूसरे मामले में सेक्टर-108 निवासी रविंद्र कुमार अरोड़ा का सेक्टर-26 स्थित एचडीएफसी बैंक में बचत खाता है। खाते में थर्ड पार्टी ट्रांसफर की सीमा पांच लाख रुपये निर्धारित थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक 10 दिसंबर 2025 को वह इस सीमा का इस्तेमाल पहले ही कर चुके थे। इसके बावजूद उनके खाते से चार संदिग्ध यूपीआई ट्रांजेक्शन किए गए। पीड़ित ने ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलते ही बैंक खाता ब्लॉक कराया और एक घंटे के भीतर साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज की। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इन मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच चल रही है।
ऐसे बचें साइबर जालसाजी से
- टेलीग्राम, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर मिले अनजान निवेश प्रस्ताव पर भरोसा न करें।
- अधिक और कम समय में निश्चित मुनाफे का दावा करने वाली योजनाओं से सावधान रहें।
- किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते या यूपीआई के जरिये रकम ट्रांसफर न करें।
- यूपीआई पिन, ओटीपी, कार्ड की जानकारी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
- खाते में संदिग्ध लेनदेन दिखते ही तुरंत बैंक से संपर्क कर खाता या संबंधित सुविधा ब्लॉक कराएं।
- साइबर ठगी होने पर देरी न करें और तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें