ग्रेटर नोएडा। किसान संघर्ष मोर्चा ने लंबित मांगों को लेकर 9 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को जैतपुर स्थित कार्यालय में मोर्चा की कोर कमेटी की बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई। किसानों ने बताया कि 17 जुलाई को 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन किया गया था। उस दौरान पुलिस अधिकारियों ने एक सप्ताह में तीनों प्राधिकरणों के साथ वार्ता कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक बातचीत नहीं हो सकी है। इससे किसानों में नाराजगी है। बैठक में सुखबीर खलीफा, सोरन प्रधान, रुपेश वर्मा, संदीप भाटी समेत अन्य किसान नेता मौजूद रहे। ब्यूरो