सेक्टर 8 में कंपनी के गेट पर श्रमिकों का हंगामा
-फोटो
- हंगामे में कंपनी की महिलाएं भी शामिल, पुलिस की टीम कर रही लगातार गश्त
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। श्रमिकों का हंगामा शुक्रवार को एक बार फिर भड़क उठा। इस बार सेक्टर-8 में बड़ी संख्या में कंपनी में कार्यरत लोगों ने गेट के बाहर हंगामा किया। हंगामे में पुरुष ही नहीं बल्कि महिलाएं भी रहीं। उन्होंने गंभीर आरोप भी लगाए। पगार बढ़ाने की मांग शांत होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार की सुबह सेक्टर आठ स्थित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की कंपनी के बाहर सौ से ज्यादा कर्मचारियों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि पहले तो उन्हें गेट के अंदर बंद रखा गया। किसी तरह बाहर निकले तो प्रदर्शन शुरू किया। वेतन बढ़ाने को लेकर शुरू हुए हंगामे को देख कई लोग और जुट गए। देखते ही देखते प्रदर्शन बढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का भी प्रयास किया। पुलिस कमिश्नर भी मौके पर पहुंचीं। कई बार प्रयास करने के बाद भी प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की तो प्रदर्शनकारी भागे।
छावनी में तब्दील हुआ सेक्टर-1 : सेक्टर एक स्थित कंपनी के बाहर पुलिस ने पहरेदारी बढ़ा दी। यहां पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया। बेरिकेडिंग करके पुलिस ने अराजक तत्वों पर नजर भी बनाए रखी। इसके अलावा पुलिस बल की टुकड़ियां अगल-अलग सेक्टरों में गश्त करती रहीं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने गश्त ज्यादा रखी। पुलिस ने इकाइयों के अंदर जाकर भी स्थितियों का जायजा लिया।