माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-128 में तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुई ऑटो सवार कारोबारी की मौत के मामले में पुलिस ने सेक्टर-126 थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। हादसा 15 अप्रैल का है, जिसमें चार अन्य लोग घायल हो गए थे, जो उपचाराधीन हैं। मृतक कारोबारी के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के उत्तम नगर निवासी पकंज शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता राम प्रकाश शर्मा (60) अपने स्टाफ दयाराम, राम निवास, जितेंद्र पासवान और ऑटो चालक लवकुश के साथ दिल्ली लौट रहे थे। सेक्टर-128 के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। वहीं, कार चालक मौके से फरार हो गया था। इलाज के दौरान राम प्रकाश शर्मा की मौत हो गई थी। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है। कार चालक को लेकर पड़ताल जारी है।