अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार ने स्वतंत्रता दिवस और जनमाष्टमी के मौके पर राजधानी में ड्राई डे का ऐलान किया है। 15 और 16 अगस्त को सभी शराब दुकानें, बार, रेस्टोरेंट, होटल और क्लब बंद रहेंगे। एक्साइज विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। यह कदम राष्ट्रीय पर्व पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
एक्साइज विभाग के आदेश के मुताबिक, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 16 अगस्त को जनमाष्टमी के कारण शराब की बिक्री, सर्विंग और स्टोरेज पर पूरी रोक रहेगी। यह पाबंदी सभी रिटेल शराब दुकानों, बार, रेस्टोरेंट, होटल और क्लबों पर लागू होगी। हालांकि, कुछ चुनिंदा होटल जो लाइसेंस प्राप्त हैं, वे अपने मेहमानों को कमरे में सर्व कर सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जगहों पर नहीं। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है, जिसमें जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने तक की सजा शामिल है।
नियम तोड़ने पर जुर्माने के साथ जेल भी
दिल्ली एक्साइज एक्ट के तहत, ड्राई डे पर शराब की बिक्री पर 5,000 से 10,000 रुपये तक जुर्माना और जेल की सजा हो सकती है। विभाग ने अपने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पिछले सालों में ऐसे दिनों में कई उल्लंघन पकड़े गए थे, जिन पर कार्रवाई हुई। इस साल और सख्ती बरती जाएगी।