ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की ला रेजीडेंसिया सोसाइटी में पिछले 48 घंटे से पानी की किल्लत बरकरार है। इससे 1200 परिवार परेशान हैं और पूरी तरह से टैंकर पर निर्भर हैं। सोमवार को टैंकर से पानी लेते समय कुछ लोगों में कहासुनी भी हो गई और आपस में भिड़ गए। पुलिस को मौके पर बुलाया गया। रात को लोगों ने हंगामा किया और पुलिस से बिल्डर को बुलाकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
सोसाइटी में भूतल पर पानी का टैंक बना हुआ है। शनिवार रात टैंक को भरने के समय कर्मचारी मोटर बंद करना भूल गया था, जिस कारण टैंक के ऊपर बने मोटर पंप हाउस में पानी भर गया। पानी भरने से सभी मोटर खराब हो गईं। वहीं पर रिजर्व मोटर भी रखी थी, वह भी खराब हो गई। इस कारण रविवार सुबह से सोसाइटी के 19 टावर में पानी नहीं है। शाम को टैंकर से पानी की आपूर्ति शुरू की गई, जोकि सोमवार देर रात तक जारी रही।
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि अभी अगले दो दिन आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद नहीं है। मोटर पंप को ठीक कराने में बिल्डर की तरफ से लापरवाही बरती जा रही है। टैंकर से पानी लेकर जाना मुश्किल हो रहा है। घर के कामकाज के साथ ऑफिस भी प्रभावित हो गया है। सोमवार शाम कुछ लोगों की टैंकर से पानी लेने के दौरान कहासुनी हो गई और भिड़ गए। बाद में अन्य लोगों ने शांत कराया। सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। निवासियों ने पुलिस से बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि बिल्डर ने मंगलवार को एक मोटर ठीक होने का आश्वासन दिया है, लेकिन उनको उम्मीद नहीं है।
पानी लेकर पहुंचे बसपा नेता मनवीर भाटी
दादरी विधानसभा क्षेत्र से बसपा के प्रत्याशी मनवीर भाटी सोमवार शाम सोसाइटी में पानी लेकर पहुंचे। उन्होंने निवासियों को 20-20 लीटर की 300 बोतलें और पांच टैंकरों से पानी की आपूर्ति की। मनवीर भाटी ने कहा कि पानी की आपूर्ति होने तक सोसाइटी में किल्लत नहीं होने दी जाएगी। बुधवार को भी पानी पहुंचाया जाएगा।
बिल्डर को जारी किया नोटिस
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिल्डर को नोटिस जारी कर समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि समाधान नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।