माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित डॉ. आंबेडकर छात्रावास में पेयजल की समस्या को लेकर छात्रों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से समाधान की मांग की है। छात्रों का कहना है कि छात्रावास में वर्तमान में करीब 361 छात्र रह रहे हैं। इनमें अधिकांश छात्र प्रवेश प्रक्रिया के तहत यहां रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
छात्र आकाश और अभिषेक ने बताया कि छात्रावास में पिछले कई वर्षों से पेयजल की समस्या बनी हुई है। वर्ष 2026 में प्राधिकरण की ओर से छोटे नल वाले वाटर कूलर लगाए गए थे, लेकिन कुछ ही दिनों बाद वे खराब हो गए। इसके बाद आरओ मशीन भी खराब हो गई। छात्रों का आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए पहले भी प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
छात्रों ने प्राधिकरण से मांग की है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए छात्रावास में 250 लीटर प्रति घंटे क्षमता वाली आरओ मशीन और 1000 लीटर क्षमता का वाटर कूलर लगाया जाए। उनका कहना है कि इससे छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।