पेड़ काटकर नाले का किया जा रहा चौड़ीकरण, विरोध तेज
निवासियों ने कहा, 8 से 10 साल पुराने पेड़ काटना सरासर गलत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित पंचशील हाइनिश सोसाइटी के सामने प्रस्तावित नाला चौड़ीकरण कार्य को लेकर निवासियों और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) ने विरोध शुरू कर दिया है। आरोप है कि नाले की सफाई अब तक कभी कराई नहीं गई है। अब नाले का चौड़ीकरण किया जा रहा है, जिसमें 8 से 10 साल पुराने पेड़ काट दिए जाएंगे, जो सरासर गलत है।
आरोप है कि केवल टेंडर जारी कर ठेका दे देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कार्य शुरू करने से पहले स्थल की वास्तविक स्थिति, पर्यावरणीय प्रभाव और स्थानीय आवश्यकताओं का समुचित मूल्यांकन किया जाना चाहिए था। एओए अध्यक्ष विनोद नेगी ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से नाले का चौड़ीकरण प्रस्तावित है, जिसके तहत सोसाइटी के मुख्य गेट के रैंप, मार्केट क्षेत्र की टाइल्स तथा वर्षों से विकसित पेड़ों को हटाया जाना है। उन्होंने बताया कि जब मूल परियोजना स्वीकृत हुई थी और सड़कें, मार्केट, रैंप व हरित क्षेत्र विकसित किए गए थे, तब संबंधित विभागों ने सभी तकनीकी मानकों का परीक्षण और अनुमोदन किया था। ऐसे में 15 वर्ष बाद उसी क्षेत्र को बड़े पैमाने पर तोड़ने और पेड़ों की कटाई की आवश्यकता बताना योजना निर्माण पर सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का विरोध नहीं है लेकिन किसी भी परियोजना के क्रियान्वयन से पहले उसके प्रभावों का आकलन होना चाहिए। एओए ने प्राधिकरण से मांग की है कि सभी के साथ संवाद स्थापित कर परियोजना की समीक्षा की जाए तथा ऐसा वैकल्पिक समाधान निकाला जाए, जिससे विकास कार्य भी हो सके और पर्यावरण तथा स्थानीय सुविधाओं को न्यूनतम नुकसान पहुंचे।
कोट्स
हम विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं लेकिन वर्षों पुराने पेड़ों और सुविधाओं को बचाने के लिए पहले वैकल्पिक योजना पर विचार होना चाहिए। -बिकेश श्रीवास्तव, निवासी
ग्रेनो वेस्ट में वैसे भी लोग प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। यदि इन पेड़ों को भी काट दिया गया तो सांस लेने में भी परेशानी हो जाएगी। -सुजीत कुमार, निवासी
नाले का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इससे हमें कोई परेशानी नहीं है। केवल हरे-भरे पेड़ न काटे जाएं। -सुनील गुप्ता, निवासी
पेड़ काटना क्यों जरूरी है। पेड़ों से हमें आक्सीजन मिलता है। उसके किसी विकल्प पर काम होना चाहिए। -राकेश अधिकारी, निवासी