- साइबर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी, पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने एक महिला समेत दो लोगों से अलग अलग जॉब और ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 51 लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने पुलिस से शिकायत की है कि जुलाई 2025 में जालसाजों ने जॉब और ट्रेडिंग के नाम पर संपर्क किया । इसके बाद कम समय में ही अधिक मुनाफे के नाम पर झांसे में ले लिया। जालसाजों ने उन्हें अधिक लाभ का लालच देकर अलग-अलग माध्यमों से 25 लाख रुपये निवेश करने के लिए प्रेरित किया। बाद में जब उन्होंने अपने पैसे वापस लेने की कोशिश की तो उन्हें पता चला कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं।
वहीं सेक्टर-62 निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग ने पुलिस से शिकायत की है कि वह प्राइवेट कंपनी से रिटायर्ड अधिकारी हैं। एक महिला ने उनसे सोशल मीडिया पर बातचीत की, साथ ही डबल मुनाफे का लालच देकर निवेश करने की बात कही। झांसे में आने के बाद पीड़ित राजी हुए तो उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ लिया गया। ठगों ने उनसे 26 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। घटना के बाद उन्होंने 24 दिसंबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में ठगों के बैंक खातों में 11 लाख रुपये फ्रीज कराने की कार्रवाई हुई है। अब दोनों मामले में नोएडा साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।