स्टार रामेश्वरम सोसायटी के कम्युनिटी सेंटर में बंद कुत्ते। स्रोत: जागरूक पाठक
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित स्टार रामेश्वरम सोसायटी में शुक्रवार सुबह लावारिस कुत्तों का टीकाकरण कराने के लिए उन्हें कम्युनिटी सेंटर में बंद कर दिया गया। इसका कुत्ता प्रेमी ने विरोध किया, हालांकि बाद में निगम की टीम आई। वह बंद कुत्तों को टीका लगाकर और एक फीमेल कुत्ते को ऑपरेशन के लिए पकड़कर ले गई।
एओए उपाध्यक्ष ललित गुप्ता ने बताया कि जब भी निगम की टीम कुत्तों को टीका लगाने आती है, कुत्ते कहीं न कहीं छिप जाते हैं और सबका टीकाकरण नहीं हो पाता है। पिछले कई महीनों से यह प्रयास विफल हो रहा था। एकाध कुत्ता ही पकड़ में आता और उसे टीका लगा दिया जाता, बाकी गायब हो जाते है। तब हमने निगम के सामने यह प्रस्ताव रखा कि एक दिन हम सभी कुत्तों को बंद कर देंगे और आपकी टीम आकर सभी को टीका एक साथ लगा दे। झुंड में समझ में भी नहीं आता कि किसे टीका लगा है, किसे नहीं। एक कुतिया पिछले दो साल से कई-कई बच्चों को जन्म दे रही है, जिससे जनसंख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार सुबह पांच बजे गार्डों ने कम्युनिटी सेंटर के अंदर भोजन रख दिया। सबके पास आते ही उन्हें सेंटर के अंदर बंद कर दिया। इसकी सूचना निगम की टीम को बृहस्पतिवार शाम को ही दे दी गई थी। शुक्रवार साढ़े नौ बजे टीम आई और सभी कुत्तों को टीका लगाकर चली गई, लेकिन वह कुतिया पकड़ में नहीं आ सकी थी। उसे टीम ने दोबारा ढाई बजे दबोचा और ऑपरेशन के लिए ले गई। उनका कहना है कि 28 सितंबर को रेबीज डे पर सभी कुत्तों का टीकाकरण किया जाना था, लेकिन किसी कारणवश टीके नहीं लग पाए, जो अब लगाए गए। कुत्ता प्रेमी के विरोध की बात को उन्होंने नकार दिया।
बच्चों ने कई दिनों तक किया प्रदर्शन
संयुक्त कोषाध्यक्ष चिंकी का कहना है कि स्टार रामेश्वरम सोसायटी में आठ से 10 लावारिस कुत्ते हैं। पिछले छह महीनों में यह बच्चे, बुजुर्गों और गार्डों सहित कुल 15 से अधिक लोगों को काट चुके हैं। आए दिन काटने की घटनाएं बढ़ने के कारण बच्चे पार्क या खुले में खेल नहीं पाते हैं। परेशान होकर पिछले महीने दो सप्ताह तक बच्चों ने लावारिस कुत्तों को सोसायटी से पकड़कर ले जाने के लिए प्रदर्शन भी किया था और कुत्ता प्रेमियों के खिलाफ विरोध भी जताया था, क्योंकि वह प्रतिदिन नए-नए कुत्तों को पकड़कर ले आते हैं, जिससे वह भयभीत रहते हैं। अब लोगों ने चैन की सांस ली है, क्योंकि हमने सभी का टीकाकरण करा दिया।