नोएडा। आयकर विभाग की टीमों ने सेक्टर-10 व 19 में प्रॉपर्टी कंसलटेंट के कार्यालय व आवास पर मंगलवार आधी रात तक कार्रवाई की। चौबीस घंटे तक चले छापे में प्रॉपर्टी कंसलटेंट के कार्यालय व आवास से करोड़ों की 32 संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। वहीं, 46.50 लाख रुपये भी बरामद हुए हैं। दस्तावेज व नकदी के बारे में आयकर विभाग को प्रॉपर्टी कंसलटेंट की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में इन्हें जब्त कर जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, बरामद रकम की गिनती शुरू करने से पहले दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन 12 घंटे तक प्रॉपर्टी कंसलटेंट कोई रिकॉर्ड टीम को नहीं दे पाया। बुधवार को नकदी को विभाग ने शहर के बैंक में जमा करवा दिया। इधर, जिस आवास में छापा मारा गया, वह सेवानिवृत्त आईपीएस का है। इसमें प्रॉपर्टी कसलटेंट परिवार के साथ रहता है। इसी मकान से आयकर विभाग ने 32 संपत्तियों के दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। इनमें दो कोठी, एक कंपनी व कुछ दुकानें शामिल हैं। अधिकतर दस्तावेज फ्लैट व रजिस्ट्री के हैं। बरामद दस्तावेज की संपत्तियों की कीमत 30 करोड़ रुपये से अधिक है। दस्तावेज में कुछ अन्य लोग के नाम से भी कागजात हैं, जिनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
आठ से ज्यादा लोगों को नोटिस
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग जब्त दस्तावेज के आधार पर लोगों की पहचान कर रहा है। आठ लोगों को नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं, इन्हें जांच में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बिना किसी रिकॉर्ड नकदी कहां से आई और इसके पीछे किसका हाथ है।