डीपीएस में रैगिंग की घटना के बाद जिला प्रशासन सख्त हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी एनपी सिंह ने कैंप कार्यालय पर जिले के बोर्डिंग स्कूल प्राचार्यों के साथ बैठक की। उन्होंने सख्त लहजे में स्कूल प्रबंधनों को 14 सूत्रीय दिशा निर्देश जारी किए हैं। इनमें स्कूलों में महिलाओं-लड़कियों की बात रखने के लिए महिला सेल का पुनर्गठन करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूलों में सबसे पहले छात्र-छात्राओं को ऐसा माहौल दिया जाए कि वह रैगिंग तो दूर, मारपीट या आपस में झगड़ने की भी न सोच पाएं। हॉस्टलों में अच्छे वार्डन नियुक्त किए जाएं। समय-समय पर उनकी काउंसलिंग हो। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के बाद हर स्कूल में महिला सेल को शुरू किया जाए।
इसके अलावा एक शिकायत-सुझाव बॉक्स भी लगवाया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं समस्याएं लिखकर डाल सकें। डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी घटना दोहरायी न जाए। रैगिंग हो या मारपीट, स्कूल परिसर में दोनों पर ही अंकुश लगे। बच्चों को मानसिक रूप से स्कूलों में पढ़ाई के लिए प्रेरित करें और उनके अंदर की हिंसा आपसी भाईचारे में बदल डालें।