दिव्यांग को पीटते आरोपी पति-पत्नी
- फोटो : वीडियो ग्रैब
जेवर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा जेवर के चौरोली रोड स्थित स्कूल के विवाद में रविवार को एक पक्ष ने स्कूटी पर बैठे दिव्यांग पर लाठियों से हमला कर दिया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो ट्विटर पर साझा कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर मंगलवार शाम आरोपी पुरुष और महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
चोरौली रोड निवासी जुगेंद्र सिंह ने अपना मकान स्कूल चलाने के लिए रिश्तेदार गजेंद्र तालान को किराये पर दिया हुआ था। लॉकडाउन के दौरान स्कूल बंद रहा। इस कारण जुगेंद्र सिंह ने मकान में किरायेदारों को रख लिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। रविवार को दोनों पक्षों में इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के दो लोग जुगेंद्र और दूसरे पक्ष के शिवा तालान के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें जुगेंद्र और उसकी पत्नी दिव्यांग गजेंद्र पर लाठियों से हमला कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने वीडियो में दिख रहे पुरुष व महिला को गिरफ्तार कर लिया है।