ऊना। जिला स्तरीय अंडर-19 फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज 24 सितंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सलोह में होगा। यह प्रतियोगिता दो दिन तक चलेगी। लड़कों व लड़कियों की इस प्रतियोगिता में जिलेभर के स्कूलों से खिलाड़ी भाग लेंगे। बीते दिनों बारिश से स्कूल परिसर को हुए नुकसान के बाद खेलों के आयोजन पर प्रश्नचिन्ह लगा हुआ था। हालांकि जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता हर वर्ष के शेड्यूल की तरह ही इस बार भी हो रही है।
उधर जोनल स्तर की इंडोर खेलों के आयोजन को इस बार विराम दिया गया है। इसकी मुख्य वजह खराब मौसम से पैदा हुए हालात को बताया जा रहा है। केवल बैडमिंटन खेल का आयोजन किया जाएगा जबकि बॉक्सिंग, जूडो, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं होगा। इसके स्थान पर केवल ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
मैदानों की खराब हालत बनी अभ्यास में रोड़ा
ध्यान रहे कि बारिश के बाद अधिकतर स्कूल खेल मैदानों की हालत बेहद खराब है। कई मैदानों में दो से तीन फीट तक घास है। इससे खिलाड़ियों को तैयारी करने में मुश्किल पेश आ रही है। बारिश थमने के बाद साफ हुए मौसम के बावजूद अधिकतर स्कूलों ने मैदान को दुरुस्त करने की ओर ध्यान नहीं दिया है।
उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग अनिल कुमार तक्खी ने बताया कि सलोह स्कूल में अंडर-19 जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें जिलेभर के स्कूलों से टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसको लेकर आयोजक स्कूल को विशेष दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।