हरोली (ऊना)। हरोली से ऊना जाने वाली सड़क पर वाया अपर धर्मपुर होकर कांगड़ को जोड़ने वाला नया पुल बनकर तैयार हो गया है। पहले यहां पर गहरी खड्ड बहती थी जिस कारण स्थानीय लोगों को आवाजाही में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सरकार ने इस स्थान पर पुल निर्माण कार्य शुरू किया था, जो अब पूरा हो चुका है। छह महीने में 4.64 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण हुआ है। 38 मीटर लंबे इस पुलिस का नवरात्र में उद्घाटन कर आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इस पुल के बन जाने से हरोली क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी और उनका सीधा संपर्क ऊना मुख्यालय से सुगम होगा। अब बस इसके औपचारिक उद्घाटन का इंतजार है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं हरोली विधायक मुकेश अग्निहोत्री अपने गृह क्षेत्र की इस बड़ी सौगात का जल्द शुभारंभ करेंगे। उधर लोक निर्माण विभाग हरोली मंडल के अधिद्सी अभियंता बलदेव सिंह का कहना है कि रिकॉर्ड समय में यह पुल बनाकर तैयार हुआ है। 4.64 करोड़ रुपये की लागत से यह पुल बना है। 38 मीटर लंबे इस पुल का नवरात्र में उद्घाटन करके आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। केंद्र सरकार के वित्त पोषित फंड से पुल का निर्माण किया गया है।