ग्रेटर नोएडा (संवाद)। प्रदेशीय स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर में जिला स्तरीय फुटबॉल ट्रायल होंगे। इसमें चयनित खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि 10 से 17 अक्तूबर तक अयोध्या के क्षेत्रीय खेल कार्यालय में प्रदेशीय स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा दो स्थित एस्टर पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय फुटबॉल ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। जिसमें चुने गए खिलाड़ी शनिवार को मेरठ के तोपखाना स्टेडियम में आयोजित होने वाले मंडलीय ट्रायल में भाग लेंगे। वहां से उनका चयन प्रदेश स्तरीय के लिए किया जाएगा।
गांधी जयंती पर आज वॉक रेस
ग्रेटर नेाएडा (संवाद)। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में गांधी जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को वॉक रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में सभी वर्ग के धावक भाग लेंगे। पुरुष वर्ग, पांच किमी व महिला वर्ग, तीन किमी की दौड़ में शामिल होगी। इसका आयोजन सुबह सात बजे शुरू होगा।