पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी की अध्यक्षता में सलारपुर स्थित कृष्णा भवन में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा गौतमबुद्ध नगर की एक बैठक बृहस्पतिवार को सलारपुर स्थित कृष्णा भवन पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने की, जबकि कार्यक्रम की मेजबानी जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने की।
बैठक में आगामी 26 अक्तूबर को सरदार पटेल जयंती के अवसर पर दिल्ली स्थित संविधान क्लब में होने वाले आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समाज उत्थान को लेकर पांच सूत्रीय प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि भारत सरकार से यह मांग की जाएगी कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले गुर्जर समाज के लोगों को डी-नोटिफाइड श्रेणी में शामिल किया जाएं। पूरे भारत में गुर्जर समाज को ओबीसी वर्ग में रखा जाए। संविधान में गुर्जर समाज की भागीदारी को सामाजिक न्याय के रूप में स्थान दिया जाए। शिक्षा और योग्यता के आधार पर सरकारी पदों में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में रामकेश चपराना, अनिल चौहान, सुभाष भाटी, चरण सिंह भाटी, कृष्ण भाटी, दीपक भाटी, सिंहराज गुर्जर, विपिन प्रधान, जोगिंदर भड़ाना, गजेंद्र रेक्सवाल, अजय गुर्जर, पार्थ गुर्जर, मनीष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।