संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर चपरगढ़ गांव के पास तेज रफ्तार हाइड्रा की टक्कर से सुपरवाइजर की मौत हो गई। मृतक के भाई ने हाइड्रा चालक के खिलाफ बृहस्पतिवार को कोतवाली में केस दर्ज कराया। मूलरूप से बलिया निवासी सुशील कुमार ने कहा कि उनके भाई सुधीर कुमार जेपी ग्रुप में सुपरवाइजर के तौर पर काम करते थे। वह बुधवार देर शाम जेपी ग्रुप के कैंपस के पास काम करा रहे थे। इसी दौरान हाइड्रा ने उनके भाई को लापरवाही से टक्कर मारकर घायल कर दिया। कर्मचारियों ने उनको गंभीर अवस्था में ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। आरोपी चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस का कहना कि मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ इस मामले में मृतक के भाई सुशील की शिकायत पर हाइड्रा गाड़ी के चालक करन निवासी गोरखपुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।