टूटी सड़कें, बजबजाते नाले और अतिक्रमण से बेहाल दादरी-सूरजपुर-छलेरा रोड
- सूथ्याना से हिंडन नदी तक अव्यवस्थाओं का अंबार, जाम और कूड़े के ढेर से लोग परेशान
उदय राज पटेल
ग्रेटर नोएडा। दादरी-सूरजपुर-छलेरा रोड के कई हिस्सों में सड़क, नाली, सफाई और यातायात व्यवस्था की बदहाली लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सूथ्याना से हिंडन नदी तक सड़क किनारे अतिक्रमण, टूटी सड़कें, जाम नाले, जलभराव और कूड़े के ढेर से लोग परेशान हैं। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लंबे जाम का असर स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है।
अतिक्रमण ने समेट दी सड़क की चौड़ाई-
सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। अव्यवस्थित कब्जों और अन्य बाधाओं से रास्ता संकरा हो जाता है। व्यस्त समय में यातायात का दबाव बढ़ने से जाम लग जाता है। लोगों को लंबे समय तक फंसे रहना पड़ता है। इसका असर दुकानदारों, ग्राहकों और आसपास रहने वाले परिवारों पर पड़ रहा है।
नालों की बदहाली से निकासी बाधित-
समस्या केवल सड़क तक सीमित नहीं है। नालों की लेवलिंग ठीक नहीं होने और सफाई की कमी के कारण कई स्थानों पर पानी जमा रहता है। जाम नालों से जलनिकासी प्रभावित होती है। इससे गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ती है। नियमित रखरखाव नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क किनारे जगह-जगह जमा कूड़ा क्षेत्र की स्थिति को और खराब कर रहा है। समय पर कचरा नहीं उठने से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैल रही है। सड़क, नालों और कूड़े की समस्याएं मिलकर पूरे इलाके की व्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं।
कोट-
सड़क किनारे अतिक्रमण से रास्ता संकरा हो जाता है और थोड़ी भीड़ बढ़ते ही जाम लग जाता है, जिससे ग्राहक भी परेशान होते हैं। - मोहम्मद सिराज, दुकानदार
नालों की नियमित सफाई नहीं होती और कूड़ा जमा रहने से दुकानों के आसपास गंदगी व दुर्गंध बनी रहती है। - एनडी चौधरी, दुकानदार
सड़क जगह-जगह टूटी हुई है और अतिक्रमण के कारण वाहन निकालने में परेशानी होती है, लोगों को जाम में इंतजार करना पड़ता है। - मुद्दासिर, दुकानदार
हिंडन नदी तक सड़क और नालों की हालत सुधरनी चाहिए, ताकि गंदगी, जलभराव और जाम से लोगों को राहत मिल सके। - अभय सिंह, निवासी