बिचपुरी। कस्बे में दूसरी रेल लाइन और पुलिया निर्माण चल रहा है। सोमवार रात कर्मचारियों ने बिचपुरी पुलिस चौकी के पीछे फाटक के पास सदरवन से होकर गुजर रही नहर के पानी को बांध बनाकर रोक दिया। सुबह तक एसटीपी का गंदा पानी खेतों और रास्ते में भर गया। गया। इस पर किसानों ने हंगामा कर दिया। हंगामे के बाद रेलवे कर्मचारियों ने पानी रोकने के लिए बनाए गए बांध को खोल दिया।
सदरवन के प्रधान गौरव पाठक ने बताया है कि गांव के बाहर दो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बने हैं। उनका गंदा पानी नहर में ही छोड़ा जाता है। रेलवे कर्मचारियों ने मिटटी का बांध बनाकर पानी को रोक दिया। एसटीपी का पानी ओवरफ्लो होकर खेतों, गांव के रास्ते में भर गया। खेतों में पानी भर जाने से आलू की बुवाई पिछड़ने से नाराज किसान हंगामा करने लगे। प्रधान ने कहा है कि गांव के रास्ते पर एसटीपी का पानी भरने से बीमारियां फैलने की भी आशंका बनी है। रेलवे के अधिशासी अधिकारी निरंजन सिंह ने किसानों को समझाकर शांत कराया। सुबह दस बजे बांध को खोल दिया। हंगामा करने वालों में पूर्व प्रधान बंटी पाठक, पंकज शर्मा, केसरी शर्मा, दुल्ला शर्मा, सनी, लोकेंद्र, राजकुमार, सचिन आदि रहे।