बदमाश बातों में उलझाकर महिला की सात लाख की ज्वेलरी लेकर हुए फरार
- सेक्टर-27 की घटना, कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एक महिला को बातों में उलझाकर बदमाश सात लाख की ज्वेलरी लेकर चंपत हो गए। महिला सेक्टर-27 स्थित मार्केट में खरीदारी करने गई थी। इस मामले में महिला ने पुलिस से शिकायत की है। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 27 निवासी भावना आनंद ने पुलिस से शिकायत की है कि वह पिछले महीने आठ जनवरी को शाम में सेक्टर-27 स्थित एक मार्केट में सामान खरीदने जा रही थीं। उसी दौरान एक युवक उनके पास आया और उनसे आनंद विहार का पता पूछने लगा। महिला उसे रास्ता बता ही रही थीं कि तभी दूसरा युवक वहां पहुंच गया। उसने पहले युवक को मानसिक रूप से कमजोर बताते हुए कहा कि यह रास्ता भटक गया है और इसकी मदद करनी चाहिए। बातों-बातों में दोनों युवकों ने महिला का विश्वास जीत लिया और उन्हें पास के एक पार्क तक ले गए। वहां पहुंचने के बाद एक युवक ने महिला से सुरक्षा के नाम पर ज्वेलरी उतरवा ली और इसके बाद एक पार्सल देकर बताया कि इसमें उनकी ज्वेलरी रखी है। इसके बाद युवक चले गए। जब महिला ने पार्सल खोलकर देखा तब उसमें असली की जगह नकली ज्वेलरी रखी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।