संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-132 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल गौतम बुद्ध नगर के छात्र ने बस चालक और बस इंचार्ज पर अनुचित व्यवहार और लापरवाही का आरोप लगाया है। अभिभावक का आरोप है कि कक्षा आठवीं के छात्र को बस से जबर्दस्ती उतार दिया, जिससे बच्चा आघात और भय की स्थिति में आ गया। बताया गया कि छात्र बस से उतारे जाने के बाद रोने लगा और गहरी मानसिक पीड़ा में था, क्योंकि उसे बिना किसी उचित कारण और वयस्क निगरानी के बस से उतारा गया।
सेक्टर 137 में रहने वाले अभिषेक वर्मा ने बताया कि सोसाइटी के बाहर से बच्चे को बस में बैठाया था, कुछ देर बाद ही उतार दिया। जब इसकी जानकारी मिली तो मैने ड्राइवर को फोन किया तो उसने कहा अकाउंट विभाग से फोन आया था, जब मैने वहां बात की तो उन्होंने मना कर दिया। विद्यालय प्रशासन से कई बार संपर्क करने के बावजूद, अब तक कोई संतोषजनक उत्तर या कार्रवाई नहीं की गई है। अभिभावकों ने बस चालक और बस इंचार्ज के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई, तथा विद्यालय से लिखित माफी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने का आश्वासन मांगा है। साथ ही, उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, सीबीएसई और स्थानीय प्रशासन से इस घटना में तत्काल हस्तक्षेप करने के लिए निवेदन किया है।