-मांट विधायक के एस्कॉर्ट की गाड़ी के दुर्घटना मामले में हुई कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। मथुरा के मांट विधायक के एस्कॉर्ट की गाड़ी के एक्सीडेंट के मामले में जेवर थाना क्षेत्र में तैनात दयानतपुर चौकी इंचार्ज सुभेंद्र प्रताप सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। विभागीय जांच में उनकी लापरवाही सामने आई है, जिसके बाद पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा के आदेश पर यह कार्रवाई हुई है। उन्हें एक हफ्ते पहले ही चौकी का चार्ज मिला था, जिसके बाद मंगलवार को उनके खिलाफ यह कार्रवाई हो गई।
मथुरा के मांट विधायक राजेश चौधरी रविवार को अपनी पत्नी के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आ रहे थे। एयरपोर्ट के पास एक्सप्रेसवे पर मुंबई लिंक एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पर उल्टी दिशा में आ रहे हाइवा ने उनके साथ चल रही एस्कॉर्ट की बोलेरो में सामने से जोरदार टक्कर मारी थी। इसमें उनकी सुरक्षा में लगे दरोगा राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं अन्य पुलिस कर्मियों के भी चोट आई थी। हादसे के कारण दरोगा को अंदरूनी चोटें आई थी और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। इस मामले में विभाग ने चौकी इंचार्ज की लापरवाही को वजह माना है। क्योंकि घटना स्थल उनके क्षेत्र में ही था और वाहन उल्टी दिशा से एक्सप्रेसवे पर चढ़ रहे थे। जिसके कारण यह हादसा हुआ।
उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार दयानतपुर चौकी इंचार्ज को सस्पेंड किया गया है। बीते दिनों हुए हादसे में उनकी लापरवाही सामने आई थी, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। -सार्थक सेंगर, एसीपी, जेवर