-कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-142 थाने में जयपुर निवासी व्यक्ति और 4-5 अज्ञात पर प्राथमिकी
-सेक्टर-137 स्थित पैरामाउंट फ्लोरा विले की महिला ने लगाए धोखाधड़ी के आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-137 स्थित पैरामाउंट फ्लोरा विले सोसाइटी में फ्लैट का सौदा कर 25 लाख रुपये लेने के बाद उसे किसी और को बेचने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को जयपुर राजस्थान निवासी राहुल माथुर और 4-5 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सोसाइटी निवासी गीता नैय्यर के पति राघवेंद्र वाही ने एक मार्च 2021 को फ्लैट के मालिक राहुल माथुर से किराये पर लिया था। बाद में राहुल ने फ्लैट बेचने की इच्छा जताई तो गीता ने खरीदने की बात कही। एक जनवरी 2023 को राहुल और उनके पिता ज्योति प्रकाश माथुर ने फ्लैट का सौदा 45.50 लाख रुपये में किया। उसी दिन एग्रीमेंट टू सेल बना, जिसे दो जनवरी 2023 को नोटरी भी कराया गया। आरोप है कि समझौते के अनुसार उन्होंने कुल 25 लाख रुपये दे दिए। रजिस्ट्री की बात करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। बाद में कहा गया कि फ्लैट राहुल की मां सानू माथुर के नाम भी आवंटित था, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। पहले उनके वारिसों का नाम दर्ज होगा, फिर ट्रांसफर होगा। गीता का कहना है कि उन्होंने शेष 20.50 लाख रुपये देने की तैयारी बताई और जल्द वारिसान दर्ज कराने को कहा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
एग्रीमेंट के करीब एक माह बाद ही ज्योति प्रकाश माथुर की भी मृत्यु हो गई थी। गीता का आरोप है कि प्रॉपर्टी के रेट बढ़ने से राहुल की नीयत में खोट आ गया। 9 सितंबर 2026 को 4-5 अज्ञात लोग फ्लैट पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि फ्लैट राहुल से खरीद लिया गया है और उसे खाली करना होगा। उन्होंने राहुल पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 25 लाख रुपये हड़पने का भी आरोप लगाया है। वहीं कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह का कहना है कि मामले में तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।