नोएडा। शहर में अलग-अलग इलाकों से सोमवार को तीन लोगों के मोबाइल चोरी हो गए। सेक्टर-15 निवासी अमित कुमार लांबा का मोबाइल चोरी हो गया, वहीं देवरिया के आशुतोष गुप्ता का मोबाइल महामाया फ्लाइओवर के पास और दिल्ली साकेत के बैनर लनामी जेम्स का मोबाइल बोटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर चोरी हुआ। पीड़ितों ने संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मोबाइल और आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। पुलिस लोगों से सतर्क रहने और अनजान लोगों से मोबाइल संभालकर रखने की अपील कर रही है। ब्यूरो
सेक्टर-66 में बाइक सवार बदमाशों ने झपटा मोबाइल
नोएडा। सेक्टर-66 में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पैदल जा रहे युवक ईशाद अली का मोबाइल झपट लिया। घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहें और मोबाइल का ध्यान रखें। ब्यूरो
अवैध पटाखों की बिक्री में तीन गिरफ्तार
नोएडा। दीपावली से पहले अवैध पटाखों की बिक्री रोकने के लिए नोएडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। सेक्टर-39 और 113 थानों की पुलिस ने बिहार के वैशाली निवासी धीरज और अररिया निवासी अजीत कुमार व खगरिया निवासी रजनीश सिंह को दबोचा। आरोपियों के पास भारी मात्रा में पटाखे और बारूद बरामद हुए। एडिशनल डीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी कि अवैध पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा पुलिस के साइबर जागरूकता कार्यक्रम
नोएडा। नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 15 अक्टूबर को विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया है। जिले के सभी स्कूल और कॉलेज यूट्यूब लाइव के माध्यम से इसमें जुड़ेंगे। कार्यक्रम में पुलिस और साइबर विशेषज्ञ छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। छात्रों को ‘साइबर वॉरियर्स’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य जिले के युवाओं को डिजिटल खतरों से बचाव के लिए सतर्क करना और साइबर जागरूकता बढ़ाना है।
भूखंड विवाद में महिला समेत तीन लहूलुहान
नोएडा। सेक्टर-126 के असगरपुर गांव में भूखंड विवाद के दौरान महिला समेत तीन लोग लोहे की रॉड और डंडे से घायल हो गए। दानिश सैफी ने बताया कि उनके परिवार ने अन्य पक्ष को रोकने का प्रयास किया, लेकिन हमला कर दिया गया। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी संचित को गिरफ्तार किया। घटनास्थल की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल की हैं। ब्यूरो
सदरपुर में पत्नी ने मायके वालों संग किया हमला
नोएडा। सेक्टर-45 सदरपुर गांव में महिला मोनिका ने अपने मायके वालों को बुलाकर पति राहुल चौहान, सास और भाभी पर हमला कर दिया। आरोप है कि महिला ने घर से गहने, नकदी और विवाह में मिली कार भी ले ली। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई है। मामला पारिवारिक विवाद का बताया गया है और पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। ब्यूरो