यमुना सिटी में इंटीग्रेटेड बैटरीज के कैंपस के बाहर फायरिंग
- शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों से कंपनी प्रबंधन ने मांगी सुरक्षा
- पुलिस का कहना, फायरिंग की कोई सूचना नहीं मिली
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी के सेक्टर-8 में करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश लेकर आ रही इंटीग्रेटेड बैटरीज के सेक्टर-33 स्थित प्लांट के बाहर फायरिंग की गई है। अब यमुना प्राधिकरण और पुलिस के अधिकारियों से कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि उनको इस प्रकरण में कोई शिकायत नहीं मिली है।
शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों से कंपनी के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर प्रकरण की जानकारी दी। उनका कहना है कि पिछली रात बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने सेक्टर-33 स्थित प्लांट के बाहर फायरिंग की। इससे असुरक्षा का माहौल बना है। कंपनी ने अब खुद की सुरक्षा के लिए हथियारबंद सुरक्षागार्ड तैनात किए हैं जिससे कर्मचारियों को सुरक्षा दी जा सके। यमुना सिटी में कई कंपनियां निर्माण शुरू कर चुकी हैं, वहीं उत्पादन भी अब शुरू हो रहे हैं। ऐसे में इस प्रकरण को यमुना प्राधिकरण ने भी गंभीरता से लिया है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार का कहना है कि फैक्टरी के बाहर बाइक सवारों द्वारा फायरिंग किए जाने की कोई शिकायत अभी तक नहीं मिली है। इस प्रकरण के बारे में पता कराया जा रहा है जिससे विधिक कार्यवाही की जा सके।