14 और 15 दिसंबर को होगा ग्लोबल भक्ति फेस्ट, आध्यात्मिक प्रवचन, भक्ति संगीत और भारतीय संस्कृति की दिखेगी झलक
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शक्ति की सामर्थ्य और भक्ति की आत्मा को समर्पित दो दिवसीय ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 का आयोजन 14 और 15 दिसंबर को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जाएगा। इसमें आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति, संगीत और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। दिल्ली-एनसीआर समेत विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं और आध्यात्मिकता में रुचि रखने वाले लोगों को इस उत्सव के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इसमें प्रेरणादायक महिलाएं, आध्यात्मिक गुरु और जाने-माने कलाकार शामिल होंगे।
इस दौरान आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से जीवन में सकारात्मकता, आत्मबल, सेवा, साधना और भक्ति के महत्व पर विचार साझा किए जाएंगे। वहीं, भावपूर्ण भक्ति संगीत के जरिये श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराया जाएगा। फेस्ट में शक्ति और भक्ति को केंद्र में रखते हुए विशेष आयोजन होंगे। दो दिवसीय उत्सव में भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने लाया जाएगा। इस आयोजन से शहर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के एक बड़े केंद्र के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।